श्रीनगर बस अड्डे का 31 अगस्त तक हो हस्तांतरण: डीएम

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 28 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने श्रीनगर बस अड्डे के हस्तांतरण की प्रक्रिया को हर हाल में 31 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने को कहा।

डीएम ने श्रीनगर में निर्माणाधीन गंगा संस्कृति केंद्र, अपर चोपड़ा क्षेत्र की पार्किंग समेत अन्य विकास परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं और विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को इनका लाभ समय पर मिल सके।

जिलाधिकारी ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण के मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देते हुए तहसीलवार चालानी और प्रवर्तन कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही मानचित्र स्वीकृति के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े विकास कार्यों और सेवाओं में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story