शुद्धीकरण’ से लेकर एआई वीडियो तक हल्द्वानी में बढ़ा विवाद

WhatsApp Channel Join Now
शुद्धीकरण’ से लेकर एआई वीडियो तक हल्द्वानी में बढ़ा विवाद


हल्द्वानी , 30 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली के बाद रामलीला मैदान में हुए कथित ‘शुद्धीकरण’ का मामला एक बार फिर तूल पकड़ता नजर आ रहा है। रविवार को उत्तराखंड यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। यूथ कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि आठ अगस्त को रामलीला मैदान में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली आयोजित हुई थी। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए थे।

कांग्रेस के मुताबिक रैली समाप्त होने के बाद कुछ लोगों ने मैदान में हवन-पूजन किया और कथित तौर पर इसका ‘शुद्धीकरण’ किया गया।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस घटना के जरिए अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को अपमानित करने और जातिगत भेदभाव की भावना को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया। यूथ कांग्रेस का कहना है कि घटना को लेकर 14 अगस्त को हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दी गई थी, लेकिन अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।रैली के बाद कथित तौर पर प्रसारित किए गए एक एआई वीडियो का भी जिक्र किया गया है।

यूथ कांग्रेस ने पुलिस से वीडियो की सत्यता और उसे तैयार करने अथवा प्रसारित करने वालों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने एसएसपी से दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि मामले में समयबद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान विकास कुमार, नीरज कुमार, सुमित लोहनी, स्वाति जोशी, हेमंत पांडे, शोभित कुमार, दिग्विजय सिंह बिष्ट समेत कई यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story