शादी का झांसा देअर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का आरोप, मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 26 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की एक युवती ने हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती की तहरीर पर पथरी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, युवती की करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से दोस्ती हुई थी। उस समय युवक की इंस्टाग्राम आईडी पर नाम अमन सिंह था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में उन्होंने शादी करने का फैसला किया। युवती का आरोप है कि वर्ष 2024 में युवक ने इंस्टाग्राम पर अपना नाम बदलकर शाहरुख कर लिया। पूछने पर उसने युवती से कहा कि उसका नाम अमन ही है और उसने कुछ समय के लिए नाम बदला है।

युवती के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को वह युवक से शादी करने के लिए मध्य प्रदेश स्थित अपने घर से हरिद्वार के लिए निकली। अगले दिन सुबह करीब पांच बजे युवक उसे दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मिला और वहां से हरिद्वार ले गया। युवती का आरोप है कि वहां पहुंचने पर युवक ने पहली बार बताया कि वह दूसरे धर्म का है और शादी के लिए उसे धर्म परिवर्तन करना होगा।

धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर दुष्कर्म का आरोप

तहरीर में युवती ने आरोप लगाया कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर युवक ने उसके साथ जबरन संबंध बनाए। युवती का कहना है कि उस समय आरोपित का भाई और मां कमरे के बाहर मौजूद थे। इसके बाद उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया।

शिकायत के मुताबिक, इनकार करने पर युवती को एक कमरे में बंद कर दिया गया और कथित तौर पर तीन दिनों तक बाहर से ताला लगा रहा। युवती ने आरोप लगाया कि इसी दौरान आरोपित का बड़ा भाई कमरे में आया और उसके साथ अभद्रता करने का प्रयास किया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई।

पीड़िता के अनुसार, होश आने पर उसने खुद को एक अस्पताल में पाया। बाद में आरोपित उसे अस्पताल से वाहन में ले गया और कथित तौर पर किसी अज्ञात स्थान पर छोड़कर चला गया। युवती ने किसी तरह अपने भाई से संपर्क किया और उसे पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद भाई उसे लेकर पथरी थाने पहुंचा।

पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story