विधायक आर्या की पहल पर माल रोड पर हॉर्न बजाने पर लगे प्रतिबंध की होगी समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
विधायक आर्या की पहल पर माल रोड पर हॉर्न बजाने पर लगे प्रतिबंध की होगी समीक्षा


नैनीताल, 03 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल विधानसभा की विधायक सरिता आर्या ने जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को ज्ञापन सौंपते हुए मॉल रोड पर पूर्ण हॉर्न प्रतिबंध के निर्णय पर पुनर्विचार का अनुरोध किया है। साथ ही पाषाण देवी मंदिर के समीप स्थित सार्वजनिक शौचालय को सीवर लाइन से जोड़ने तथा सात नंबर क्षेत्र में भूस्खलन से प्रभावित घरों की सुरक्षा के लिए स्थायी उपाय करने की मांग भी उठाई है।

जिलाधिकारी ने इन सभी विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसी क्रम में कटमी गजार गांव की ट्रॉली संचालन योजना के लिए पांच लाख रुपये की प्रथम किस्त भी जारी कर दी गई है।

विधायक सरिता आर्या ने ज्ञापन में कहा कि वर्तमान में लोअर माल रोड पूर्ण रूप से यातायात के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण अधिकांश वाहन अपर मॉल रोड से गुजर रहे हैं, जिससे यातायात का दबाव बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि आजकल बड़ी संख्या में पैदल यात्री कानों में ईयरबड्स अथवा हेडफोन का उपयोग करते हैं, जिससे उन्हें पीछे से आने वाले वाहनों का आभास नहीं हो पाता और पूर्ण हॉर्न प्रतिबंध दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा सकता है।

उन्होंने सुझाव दिया कि उच्च न्यायालय परिसर और उसके आसपास हॉर्न प्रतिबंध यथावत रखा जाए, जबकि अन्य क्षेत्रों में व्यावहारिक व्यवस्था लागू की जाए। उल्लेखनीय है नगर की मॉल रोड को प्रशासन ने गत 1 अगस्त से ‘नो हॉकिंग जोन’ यानी हॉर्न रहित क्षेत्र घोषित किया है, लेकिन इसका बहुत प्रभाव नजर नहीं आ रहा है। वरन कई सरकारी वाहन भी मॉल रोड पर हॉर्न बजाते कैमरे में रिकॉर्ड हुए हैं।

इसके अतिरिक्त विधायक ने कटमी गजार गांव में वर्षों से लंबित ट्रॉली संचालन की समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी द्वारा पांच लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी किए जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे ट्रॉली संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा और क्षेत्र के ग्रामीणों तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

इसके बाद विधायक सरिता आर्या ने जिला एवं सत्र न्यायालय तथा तहसील परिसर में जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिवक्ताओं, आमजन और विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक भारत सिंह मेहरा, आईटी संयोजक कमल जोशी, सचिव गरवाल, हेमंत बेदी, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष कमल जोशी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष मयंक पंत, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष करन साह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विधायक ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए वह प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर निरंतर कार्य करती रहेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story