विधानसभा निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त


हरिद्वार, 27 मार्च (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) के सफल संपादन के लिए जिला मजिस्ट्रेट, जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नामित करते हुए आदेश जारी किया है।सभी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पूर्ण होने तक अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों के पर्यवेक्षण और अनुश्रवण के लिए नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा तथा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), उप जिला निर्वाचन अधिकारी फिंचाराम चौहान को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसके अतिरिक्त व्यवस्थाओं के लिए भी अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। छपाई व्यवस्था के लिए मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, प्रशिक्षण कार्य के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पिरान कलियर के प्रधानाचार्य आशीष नौटियाल को जिम्मेदारी दी गई है।

तकनीकी सहायता (आईटी) के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी यशपाल सिंह, मीडिया समन्वय के लिए पुलिस उपाधीक्षक ज्वालापुर सोशल मीडिया सेल संजय चौहान और जिला सूचना अधिकारी रती लाल, कंट्रोल रूम व्यवस्था के लिए जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी, परिवहन व्यवस्था के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड तथा जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा करें और इसकी प्रगति की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराएं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story