विद्यार्थियों को रेबीज संक्रमण और रोग से बचाव की जानकारी दी
नई टिहरी, 28 सितंबर (हि.स.)। विश्व रेबीज दिवस के पर नगर पंचायत गजा में पशुपालन विभाग ने जागरूकता कार्यक्रम कराया। सोमवार को नगर पंचायत सभागार में अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान और पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक कुड़ियाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पशु-मानव संघर्ष होने की स्थिति में एंटी रेबीज का इंजेक्शन तुरंत देना जरूरी है।
उन्होंने जीआईसी गजा के विद्यार्थियों और पर्यावरण मित्रों को रेबीज के संक्रमण के कारण, रेबीज संक्रमित अथवा संदिग्ध कुत्ते व अन्य जानवर की पहचान, रोग से बचाव के उपाय बताए। कुत्ते के काटने की स्थिति में अपनाई जाने वाली तत्काल प्राथमिक सावधानियां व उपचार से भी रूबरू कराया। डॉ. कुड़ियाल ने कहा कि कुत्ते के काटने पर घाव को तत्काल साबुन व बहते हुए पानी से अच्छी तरह से धोना चाहिए। तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेकर एंटी रेबीज टीकाकरण करें। जीआईसी के प्रवक्ता सुभाष चंद्र बेलवाल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित अंतराल पर कराए जाने चाहिए।
इस मौके पर डॉ नवनीत फोनिया, अनिता भट्ट, रोहित कुमार, जितेंद्र सिंह, गंगा दत्त जुयाल, अजय खाती, महेशपाल सिंह, दिनेश सिंह, गजे सिंह, बलवंत गुसाई, बलवंत चौहान, लखनपाल सिंह मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

