वन पंचायत भूमि पर अतिक्रमण हटाया, सरपंच निलंबित, प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश

WhatsApp Channel Join Now
वन पंचायत भूमि पर अतिक्रमण हटाया, सरपंच निलंबित, प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश


नैनीताल, 31 मार्च (हि.स.)। जनपद के धारी क्षेत्र में वन पंचायत की भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाया तथा संबंधित वन सरपंच को निलंबित कर दिया। साथ ही प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उपजिलाधिकारी अंशुल भट्ट की अध्यक्षता में प्रशासन एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम सुंदरखाल में निरीक्षण कर अवैध अतिक्रमण को चिन्हित किया। जांच में पाया गया कि बिल्डर द्वारा वन पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से सड़क निर्माण किया जा रहा था। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया तथा वन पंचायत अधिनियम के अंतर्गत वन सरपंच को निलंबित किया गया। साथ ही प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश भी दिये गये।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार मनीषा बिष्ट, राजस्व निरीक्षक प्रवीण ह्यांकी, नारायण वर्मा, राजस्व उपनिरीक्षक निर्मल बोरा तथा वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story