रीप परियोजना में अनियमितता का खुलासा, क्षेत्रीय प्रबंधक के निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
रीप परियोजना में अनियमितता का खुलासा, क्षेत्रीय प्रबंधक के निलंबित


नैनीताल, 01 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल जनपद के मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (रीप) के अंतर्गत गरमपानी स्थित सीएलएफ कार्यालय एवं आउटलेट का बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आने पर उन्होंने संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक के निलंबन की संस्तुति शासन को भेजने तथा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रीप परियोजना के क्षेत्रीय प्रबंधक अवनीश पांडे द्वारा सीएलएफ कार्यालय के लिए किराए की संस्तुति की जा रही थी और जनपद स्तर से किराए की धनराशि भी उपलब्ध कराई जा रही थी, जबकि संबंधित सीएलएफ को कार्यालय भवन निःशुल्क आवंटित है। प्रारंभिक जांच में भीमताल और कोटाबाग क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की अनियमितताओं की जानकारी सामने आई।

मुख्य विकास अधिकारी ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध निलंबन की संस्तुति शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने गरमपानी स्थित रीप आउटलेट का भी निरीक्षण किया और उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा संचालन व्यवस्था का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story