राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
हरिद्वार, 11 सितंबर (हि.स.)। पुलिस मॉडर्न स्कूल, रोशनाबाद के कक्षा 10वीं के छात्र कुलश्रेष्ठ ने वॉविनाम मार्शल आर्ट्स की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और हरिद्वार पुलिस का नाम रोशन किया है। जम्मू-कश्मीर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कुलश्रेष्ठ का आगामी नवंबर माह में कंबोडिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। इस प्रतियोगिता में वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि के बाद 11 सितंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने पुलिस मॉडर्न स्कूल, रोशनाबाद पहुंचकर छात्र कुलश्रेष्ठ को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्र का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। एसएसपी ने कुलश्रेष्ठ को आश्वासन दिया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में उसे हरसंभव सहयोग एवं सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों का शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना पूरे विद्यालय और पुलिस विभाग के लिए गौरव का विषय है। प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना आवश्यक है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
छात्र कुलश्रेष्ठ इससे पूर्व भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर चुका है। राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से विद्यालय में भी उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर सीओ लाइन बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन प्रवीण आलोक, प्रधानाचार्य ममता तोमर, खेल प्रशिक्षक धीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने छात्र कुलश्रेष्ठ को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

