राज्य स्थापना दिवस पर पौड़ी में आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया नमन

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 09 नवंबर (हि.स.)।उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपद मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में राज्योत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी सहित अन्य अतिथियों ने राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर सूचना विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। साथ ही बाल विकास विभाग के पांच लाभार्थियों को किशोरी किट तथा समाज कल्याण विभाग के सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। स्थानीय कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों की लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं।

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन लंबे संघर्ष, जनआंदोलन तथा राज्य आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है।

मुजफ्फरनगर कांड जैसी घटनाएं राज्य आंदोलन के इतिहास का ऐसा अध्याय हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। आंदोलनकारियों के संघर्ष और जनसहभागिता के फलस्वरूप ही हमें पृथक राज्य मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने शिक्षा, साक्षरता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। युवाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध हुए हैं। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सभी से राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से संभव हुआ है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं और आम जनमानस की भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि 15 नवंबर तक न्याय पंचायत एवं विकासखंड स्तर पर उत्तराखंड राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और जनता की एकजुटता का परिणाम है। उनके सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौड़ी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। क्षेत्र में पर्यटन विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी, डीएफओ महातिम यादव, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, दिव्येश उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेघना असवाल, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story