यमुनोत्री हाईवे बारिश से बार-बार हो रहा बंद

WhatsApp Channel Join Now

उत्तरकाशी, 11 अगस्त (हि.स.)। बरसात के मौसम में पाली गाड़ से जानकीचट्टी तक यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद होने और खुलने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को भी जगह-जगह बंद हाईवे पर भूस्खलन से बाधित मार्ग को सुचारू करने का प्रयास दिनभर जारी रहा।

यमुनोत्री हाईवे पर पाली गाड़, सुलाई बैंड, जंगल चट्टी, बनास और बाडिया गांव के नीचे के हिस्से में स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। इन स्थानों पर एक ओर पहाड़ी से भू-धंसाव और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, तो कहीं यमुना नदी के तेज कटाव से सड़क का निचला हिस्सा लगातार प्रभावित हो रहा है। ऐसे में हाईवे को सुरक्षित बनाए रखना चुनौती बना हुआ है। भूस्खलन के बीच मशीन ऑपरेटर जान जोखिम में डालकर मार्ग खोलने में जुटे हैं। बारिश के दौरान हाईवे पर आए मलबे और पत्थरों को हटाकर किसी तरह यातायात बहाल किया जा रहा है। दिन में मार्ग खोल दिए जाने के बावजूद बारिश होने पर कई स्थानों पर दोबारा भूस्खलन होने से हाईवे बंद हो जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Share this story