मेडिकल कॉलेज निर्माण को बार एसोसिएशन ने दिया दोबारा समर्थन

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल कॉलेज निर्माण को बार एसोसिएशन ने दिया दोबारा समर्थन


नई टिहरी, 01 नवंबर (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर बेमियादी आंदोलन 93 वें दिन जारी रहा। मांग के समर्थन में जिला बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने क्रमिक अनशन किया। वहीं पूर्व जिला पचंायत सदस्य जीतराम भट्ट का सत्याग्रह भी अनवरत जारी है।

रविवार को मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर बौराड़ी के गणेश चौक पर जिला बार एसोसिएशन ने तीसरी बार समर्थन दिया। अध्यक्ष जयबीर सिंह रावत, मुकेश कुमाईं और जगजीत सिंह नेगी ने क्रमिक अनशन करते हुए सरकार से तत्काल यहां मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर जीओ जारी करने की मांग की।

संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट ने कहा कि तीन माह बीतने पर भी सरकार इस न्यायोचित मांग पर कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। जबकि टिहरी के लोगों ने टिहरी बांध के कारण अपने जमीन और संस्कृति की कुर्बानी देकर देश को ऊर्जा संपन्न बनाने में सहयोग दिया।

इस मौके पर डॉ. उम्मेद सिंह नेगी, व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत, संदीप रावत, किशोरी लाल चमोली, किशोरी उनियाल मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770420 Articles

Share this story