मुख्यमंत्री की घोषणा को मंजूरी, महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 02 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य को शासन से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इसके साथ ही मंदिर के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया है। परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी के निर्देशन में पर्यटन विभाग के माध्यम से इस परियोजना का क्रियान्वयन गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) द्वारा कराया जाएगा। योजना के तहत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा कराया जाएगा। कार्यों की नियमित निगरानी भी की जाएगी ताकि परियोजना समय पर पूर्ण हो सके।

परियोजना पूरी होने के बाद महाबगढ़ मंदिर को एक सशक्त धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story