मिशन शक्ति कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा और पॉक्सो कानून की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 06 अगस्त (हि.स.)। जनता इंटर कॉलेज जामलाखाल में गुरुवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत वन स्टॉप सेंटर, पौड़ी गढ़वाल की ओर से एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली और हिंसा अथवा उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने किशोरियों को घरेलू हिंसा के विभिन्न स्वरूप, उसके दुष्प्रभाव और बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से बताया।

इस दौरान पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और अन्य आपातकालीन सहायता सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर छात्र-छात्राएं इन सेवाओं का प्रभावी उपयोग कर सकें।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य वीरेन्द्र सिंह रावत, प्रवक्ता राकेश कुमार, पूजा सिलमाणा, मीरा सेमवाल, कविता परमार, नीलम कोहली, नमिता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story