मानसून में सतर्कता के साथ करें केदारनाथ यात्रा, प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील

WhatsApp Channel Join Now
मानसून में सतर्कता के साथ करें केदारनाथ यात्रा, प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील


रुद्रप्रयाग, 02 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम की यात्रा मानसून के बावजूद सुचारु रूप से जारी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी कर रहा है और आवश्यकता के अनुसार दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया कि वर्तमान मानसून काल में वर्षा होने तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के कारण यात्रियों की संख्या में स्वाभाविक गिरावट देखी गई है। इसके बावजूद श्री केदारनाथ धाम यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है और प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि मानसून के दौरान यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व अपने स्वास्थ्य का परीक्षण अवश्य कराएं व चिकित्सकीय रूप से स्वयं को यात्रा के लिए सक्षम सुनिश्चित करें। यात्रा के दौरान रेनकोट, छाता, गर्म कपड़े एवं अन्य जरूरी सामग्री अपने साथ अवश्य रखें, ताकि प्रतिकूल मौसम में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षा के दौरान यात्रा मार्ग के कुछ स्थान भूस्खलन एवं लैंडस्लाइड की दृष्टि से संवेदनशील रहते हैं।

उन्हाेंने कहा कि श्रद्धालु पूरी सतर्कता व सावधानी के साथ यात्रा करें व किसी भी प्रकार की जल्दबाजी न करें, यदि मौसम अथवा मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत कुछ समय के लिए यात्रा रोकने अथवा किसी स्थान पर प्रतीक्षा करने के निर्देश दिए जाते हैं, तो धैर्यपूर्वक उनका पालन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शासन, जिला प्रशासन एवं आपदा परिचालन केंद्र द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले दिशा-निर्देश यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर जारी किए जाते हैं।

----

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story