मानदेय बढ़ोतरी का शासनादेश जारी नहीं होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में आक्रोश, कार्य बहिष्कार शुरू

WhatsApp Channel Join Now
मानदेय बढ़ोतरी का शासनादेश जारी नहीं होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में आक्रोश, कार्य बहिष्कार शुरू


पौड़ी गढ़वाल, 12 नवंबर (हि.स.)। मानदेय बढ़ोतरी का शासनादेश जारी नहीं होने से नाराज आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर गुरुवार से कार्यकर्ताओं ने अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया। इस दौरान संगठन से जुड़ी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना देकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग उठाई।

धरने पर बैठीं कार्यकर्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। मानदेय बढ़ोतरी का शासनादेश जारी करने समेत अन्य मांगों को लेकर कई बार शासन और प्रशासन को लिखित पत्र एवं ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बार-बार आश्वासन मिलने के बाद भी शासनादेश जारी नहीं होने से कार्यकर्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं लंबे समय से विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। संगठन की ओर से लगातार मांग उठाने के बाद भी कोई सकारात्मक पहल नहीं होने के चलते उन्हें कार्यबहिष्कार जैसा कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा है।

कार्यकर्ताओं ने शासन से मांग की कि मानदेय बढ़ोतरी से संबंधित शासनादेश जल्द जारी किया जाए और संगठन की अन्य लंबित मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों के संबंध में ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार और आंदोलन जारी रहेगा।

धरने में दिनीता रावत, रिंकी रावत, आशा रावत, मीना देवी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शामिल रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775717 Articles

Share this story