माघ पूर्णिमा पर गंगा तट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
हरिद्वार, 03 जनवरी (हि.स.)। माघ पूर्णिमा पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ा। देश के कई प्रांतों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी ब्रह्म कुण्ड समेत गंगा के तमाम घाटों पर पुण्य की डूबकी लगायी। कड़कड़ाती ठंड पर आस्था भारी दिखायी दी।
सुबह सवेरे से ही हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड सहित तमाम गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आयी। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने देव दर्शन कर दान आदि कर्म किए। मान्यता है कि आज के दिन गंगा स्नान करने और दान आदि कर्म करने से पुण्यफल की प्राप्ति होती है और अश्वमेघ यज्ञ के समान फल मिलता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान को मोक्षदायी माना जाता है। यही कारण है कि हरिद्वार में भारी सर्दी के बीच श्रद्धालु पहुंचे और गंगा में आस्था की डुबकी लगायी। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पितरों के निमित्त श्राद्ध और तर्पण कर उनके मोक्ष की कामना की।
तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने बताया कि माघ पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान करने से मां गंगा की विशेष कृपा प्राप्त होती है। जिस प्रकार कार्तिक पूर्णिमा का स्नान चंद्रमा के साक्ष्य में किया जाता है, उसी प्रकार माघ मास का स्नान सूर्य के साक्ष्य में किया जाता है। आज का दिन भगवान नारायण को समर्पित है।
आज के दिन गंगा स्नान, दान और तप करने से भगवान नारायण अश्वमेघ यज्ञ के समान आशीर्वाद देते हैं। आज के दिन गर्म कपड़ों और तिल इत्यादि का दान करने से पितरों को शांति मिलती है। आज के दिन गंगा में स्नान, दुग्धाभिषेक और दान इत्यादि करने से मां गंगा का असीम आशीर्वाद प्राप्त होता है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

