मां गंगा की स्वच्छता, निर्मलता ही सच्चा गंगा स्नान : करौली

WhatsApp Channel Join Now
मां गंगा की स्वच्छता, निर्मलता ही सच्चा गंगा स्नान : करौली


हरिद्वार, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मिश्री मठ के परमाध्यक्ष और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज के आह्वान पर हरकी पैड़ी पर वृहद गंगा सेवा अभियान चलाया गया। अभियान में देश-विदेश से आए 10 हजार से अधिक साधकों और श्रद्धालुओं ने श्रमदान किया।

सुबह 10 बजे हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ शुरू हुआ अभियान देर शाम तक चला।

स्वयंसेवकों ने गंगा जी से भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा निकाला। सैकड़ों टन कचरे को दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और मिश्री मठ, मेला प्रशासन व नगर निगम के वाहनों से डंपिंग यार्ड पहुंचाया गया।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता ही सच्चा गंगा स्नान है। तीर्थनगरी आने का लाभ तभी है जब हम गंगा की अविरलता, पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आज विश्व ध्वनि, वायु और जल प्रदूषण से ग्रस्त है। सरकारी योजनाओं से ही बदलाव नहीं होगा, बल्कि हमें जीवनशैली में गंगा स्वच्छता को शामिल कर सामूहिक दायित्व निभाना होगा।

श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के अध्यक्ष महंत धूनीदास महाराज ने कहा कि स्वामी करौली शंकर महाराज के इस अभियान ने देशभर को स्वच्छता का संदेश दिया है, जो आगामी कुंभ में विशेष जागरूकता लाएगा।

इससे पहले दक्षेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई दंडवत यात्रा का आज सुबह समापन हुआ। खराब मौसम और कुंभ कार्यों से क्षतिग्रस्त सड़कों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना।

अभियान में कोठारी महंत नितिन दास, प्रबंधक डॉ. उमेश सचान, भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी, पार्षद राजेश शर्मा, विशाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story