महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी प्रकरण: महिला आयोग ने एसएसपी से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट
देहरादून, 20 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अश्लील और अभद्र टिप्पणियां करने के मामले में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने आरोपित की गिरफ्तारी के बाद मामले की विधिक कार्रवाई पर भी नजर बनाए रखने की बात कही है।
महिला आयोग के अनुसार, हाल ही में देहरादून में एक राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल महिलाओं के चरित्र पर 'पहाड़ प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी' नामक फेसबुक अकाउंट से अश्लील और अमर्यादित टिप्पणियां की गई थीं। मामला सामने आने पर आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन स्वाभाविक है, लेकिन इसकी आड़ में महिलाओं पर अश्लील, अभद्र तथा अमर्यादित टिप्पणियाँ करना कतई बर्दाश्त नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि जहां एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर नीति-निर्माता बन रही हैं और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में मातृशक्ति को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ऐसी घटिया मानसिकता वाले लोग समाज में केवल विकृति फैला रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों पर आयोग सख्त कार्रवाई के लिए तत्पर है और कानून सबके लिए समान है।
अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने स्पष्ट किया कि आरोपित की गिरफ्तारी के बाद अब आयोग आगे की विधिक प्रक्रियाओं पर नज़र बनाए हुए है, इसीलिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कृत कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि महिलाओं के विरुद्ध ऐसी अश्लील और असम्मानजनक टिप्पणियों से मातृशक्ति के सम्मान को जो ठेस पहुँची है, उस पर सख्त संदेश जाए और संपूर्ण प्रदेश की महिलाओं को न्याय मिल सके।
----
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

