महादेवी वर्मा सृजनपीठ में ‘अमृतलाल नागर स्मृति लेखक गृह’ का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
महादेवी वर्मा सृजनपीठ में ‘अमृतलाल नागर स्मृति लेखक गृह’ का उद्घाटन


नैनीताल, 13 जुलाई (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय की रामगढ़ स्थित महादेवी वर्मा सृजनपीठ में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से ‘अमृतलाल नागर स्मृति लेखक गृह’ निर्मित किया गया है।

आज उद्घाटन कुलपति प्रो. दीवान रावत ने वैदिक विधि-विधान के साथ किया। इस अवसर पर माता वैष्णो देवी मंदिर तल्लीताल के पुजारी दिनेश कांडपाल ने पूजा एवं हवन संपन्न कराया। कुलपति ने कहा कि महादेवी वर्मा सृजनपीठ परिसर में निर्मित इस लेखक गृह में देशभर के लेखक ठहरकर लेखन कार्य कर सकेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि यहां साहित्यकारों को शांत एवं सृजनात्मक वातावरण में लेखन का अवसर मिलेगा और यह हिंदी साहित्य के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उल्लेखनीय है कि लगभग 90 वर्ष पूर्व महादेवी वर्मा सृजनात्मक एकांत की तलाश में इलाहाबाद से रामगढ़ आई थीं। उसी रचनात्मक वातावरण को ध्यान में रखते हुए यहां लेखक गृह की परिकल्पना की गई है। उपन्यासकार अमृतलाल नागर के जन्मशती वर्ष पर संस्कृति मंत्रालय ने इस परियोजना को स्वीकृति दी थी।

भवन का निर्माण उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, हल्द्वानी द्वारा कराया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में सृजनपीठ के निदेशक प्रो. शिरीष कुमार मौर्य, वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. चंद्रकला रावत, पीठ के समन्वयक मोहन रावत, सहायक अभियंता संजय पंत, नंदकिशोर जोशी, राजन बिष्ट, बहादुर कुंवर, ललित नेगी, भुवन जोशी, सुरेंद्र नेगी व केदार सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story