मंत्री ने 81 सहायक अध्यापकों को दिए नियुक्ति पत्र, शिक्षा और खेल पर विशेष जोर
पौड़ी गढ़वाल, 21 फ़रवरी (हि.स.) मंत्री धन सिंह रावत ने शनिवार को श्रीनगर स्थित राजकीय बालिका इंटरमीडिएट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालयों के लिए चयनित 81 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि उनके विभागों में अब तक लगभग 24 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अब विद्यालयों में शिक्षकों की कमी नहीं रहेगी और प्रत्येक विद्यालय में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, क्योंकि आज के बच्चे ही प्रदेश और देश का भविष्य हैं।
कैबिनेट मंत्री ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विशेष तैयारी अभी से आरंभ की जाए। बच्चों की रुचि और आवश्यकता के अनुरूप खेल सामग्री उपलब्ध कराने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के छात्र-छात्राएं भी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें, इसके लिए आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएं।
डॉ. रावत ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सहायक अध्यापकों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि सभी शिक्षक पूर्ण समर्पण, निष्ठा और परिश्रम के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

