भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने किया संघर्ष का शंखनाद

WhatsApp Channel Join Now
भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने किया संघर्ष का शंखनाद


हल्द्वानी , 15 नवंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण और जनभागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से आज नारीमन चौराहा, काठगोदाम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, काठगोदाम एवं हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।

अभियान का विधिवत शुभारंभ हल्द्वानी के विधायक माननीय श्री सुमित हृदयेश ने अपने हस्ताक्षर कर के किया।

इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड में भ्रष्टाचार अब एक गंभीर जनसमस्या बन चुका है। भाजपा सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का दावा करती है, लेकिन हकीकत यह है कि सरकार में बैठे लोगों और मंत्रियों पर ही गंभीर आरोप लग रहे हैं। सरकार को इन आरोपों पर जवाब देना होगा और जनता के सामने सच्चाई रखनी होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पर उनके पति द्वारा लगभग 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने और भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जब किसी मंत्री पर उनके ही परिवार के सदस्य इतने गंभीर आरोप लगा रहे हों, तो यह सामान्य मामला नहीं रह जाता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस पूरे प्रकरण का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।

आखिर भाजपा सरकार कब तक भ्रष्टाचार के सवालों से बचती रहेगी। प्रदेश की जनता को आरोपों की सच्चाई जानने और जवाबदेही तय होने का पूरा अधिकार है।

विधायक ने आगे कहा कि भ्रष्टाचार केवल आर्थिक अनियमितता नहीं बल्कि प्रदेश की जनता के विश्वास, अधिकारों और भविष्य के साथ खिलवाड़ है। सरकारी धन जनता की मेहनत की कमाई है। जिसका उपयोग जनकल्याण और विकास के कार्यों में होना चाहिए, न कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं में।

भाजपा सरकार को बताना होगा कि सरकारी विभागों में पारदर्शिता और जवाबदेही कहां है और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती आई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ यह हस्ताक्षर अभियान जनता की आवाज को एकजुट करने की पहल है। कांग्रेस इस लड़ाई को केवल हस्ताक्षर अभियान तक सीमित नहीं रखेगी। बल्कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के हर मामले को प्रमुखता से उठाएगी। जनता के अधिकारों और सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए कांग्रेस की लड़ाई सड़क से सदन तक पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में आम जनता की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से लोगों को इस मुहिम से जोड़ने और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सामूहिक आवाज बुलंद करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करते रहेंगे और जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, काठगोदाम के अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण आम जनता को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सरकारी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना जरूरी है।

इसी उद्देश्य से यह हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का कार्य करेगी।

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने तथा जनहित, पारदर्शिता और जवाबदेही की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर हेमंत बगड़वाल, मोहन बिष्ट, बहादुर बिष्ट, यशपाल आर्य, गिरीश तिवारी, हरीश बलुटिया, भुवन तिवारी, किशन अनेरिया, आनंद कुंजरवाल, कमल पपनै, मनोज बिष्ट, बासित खान, प्रदीप कुमार, राजा राणा, गिरीश पांडे, राजू रावत, प्रदीप बिष्ट, दिवेश तिवारी, गुरप्रीत सिंह, किशन लाल, बंटी रहमान, लाल सिंह पवार, बबलू बिष्ट, कुंदन बिष्ट, कातिल अख्तर, राहुल सिंह, निर्मला बिष्ट, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, गीता बहुगुणा, भगवती जोशी, भगवती बिष्ट, नीमा भट्ट, शकुंतला देवी, दीपा खत्री, पवन शाह, संजय बिष्ट, उदित करायत एवं पवन गुप्ता सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कांग्रेसजनों ने एक स्वर में कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह संघरंतर जारी रहेगा और जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777407 Articles

Share this story