भूकंप मॉक ड्रिल के जरिए छात्र-छात्राओं को सिखाए आपदा से बचाव के तरीके

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 21 नवंबर (हि.स.)। राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में जिला प्रशासन तथा आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा राजकीय उत्कृष्ट इंटर कॉलेज, पाबौ में आपदा प्रबंधन जागरुकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में 100 से अधिक शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों को भूकंप सहित विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के प्रति जागरूक करने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। मास्टर ट्रेनर किशन सिंह पंवार ने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से काम लेना जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया देने, स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जरूरतमंदों की सहायता करने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास आपात स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

प्रशिक्षण के तहत भूकंप आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं को भूकंप के दौरान सुरक्षित स्थान पर जाने, स्वयं का बचाव करने तथा भवन से सावधानीपूर्वक बाहर निकलने का अभ्यास कराया गया। साथ ही घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के तरीके भी बताए गए। विद्यार्थियों ने उपलब्ध संसाधनों से इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर (अस्थायी स्ट्रेचर) तैयार कर घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का व्यावहारिक अभ्यास किया। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य उत्तम सिंह आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story