भीमताल में राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किया गया पुरस्कृत
नैनीताल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल के भीमताल विकास खंड के सभागार में बुधवार को बाल विकास परियोजना के तत्वावधान में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया गया।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट की अध्यक्षता एवं खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर आयोजित व्यंजन प्रतियोगिता में क्षेत्रवार प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अतिथियों और बाल विकास परियोजना अधिकारी ने पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में मड़वा, सत्तू, चना, मक्का, सोयाबीन और काला भट्ट जैसे स्थानीय अनाजों से तैयार व्यंजन प्रस्तुत किए गए।
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की महक ने ‘आधारशिला’ कार्यक्रम की जानकारी दी। इसके तहत 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कार दिए गए।
कार्यक्रम का संचालन कविता और बबली हुसैन ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना भीमताल की सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और लाभार्थियों के साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

