भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ का पौड़ी में अभिनंदन
पौड़ी गढ़वाल, 03 सितंबर (हि.स.)।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के पौड़ी आगमन पर प्रेक्षागृह में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक नानकचंद ने की। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तीरथ सिंह रावत का जोरदार स्वागत किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने तीरथ सिंह रावत की संगठन के प्रति सरलता, सहजता और निष्ठा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने से प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया।
जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने कहा कि तीरथ सिंह रावत की सरल कार्यशैली और संगठन के प्रति निष्ठा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। वहीं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया जाना प्रदेश के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है।
सम्मान समारोह में तीरथ सिंह रावत ने कहा कि यह सम्मान उनका नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और संगठन उसके बाद आता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रव्यापी सोच को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए कार्यकर्ताओं को सेवाभाव के साथ काम करना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। तीरथ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व मुख्यमंत्री जनरल बीसी खंडूड़ी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्य उनके लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं को अभी से मैदान में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से काम करें और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें।
समारोह में पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, सुषमा रावत, संपत सिंह रावत, जिला मीडिया प्रभारी संजय बलूनी, पौड़ी नगर मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र नौटियाल, कोट मंडल अध्यक्ष रमेश रावत, कल्जीखाल मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण दुकलान, पौड़ी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष संतोषी रावत संतोष चंदोला सहित जिले के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

