बीएचईएल में राजभाषा कार्यान्वयन कार्यशाला आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
बीएचईएल में राजभाषा कार्यान्वयन कार्यशाला आयोजित


हरिद्वार, 22 अप्रैल (हि.स.)। भारत सरकार की राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) हरिद्वार इकाई में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) के सदस्य संस्थानों के कर्मचारियों हेतु एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संतोष कुमार गुप्ता ने की। कार्यशाला में विभिन्न सदस्य संस्थानों से लगभग 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया। अध्यक्षीय संबोधन में श्री गुप्ता ने कहा कि राजभाषा हिंदी के प्रयोग, प्रचार और प्रसार के लिए बीएचईएल हरिद्वार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इकाई प्रमुख द्वारा भी राजभाषा गतिविधियों को विशेष महत्व दिया जाता है तथा नियमित कार्यशालाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाता है।

कार्यशाला में विशिष्ट वक्ता डॉ. नरेश मोहन ने प्रयोजनमूलक हिंदी पर व्याख्यान दिया। वहीं नराकास हरिद्वार के सचिव पंकज कुमार शर्मा ने राजभाषा नीति से संबंधित अधिनियमों की जानकारी दी तथा राजभाषा अधिकारी योगेंद्र प्रसाद ने हिंदी ई-टूल्स पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के प्रारंभ में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की सचिव एवं उप प्रबंधक (राजभाषा) शशि सिंह ने अतिथियों, संकाय सदस्यों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) पार्थ सारथी गौडा, एचआरडीसी प्रभारी हरीश सिंह बगवार सहित बीएचईएल के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं राजभाषा विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story