बाैराड़ी में पुश्ता गिरने से खतरे की जद में आए कई आवासीय मकान

WhatsApp Channel Join Now
बाैराड़ी में पुश्ता गिरने से खतरे की जद में आए कई आवासीय मकान


नई टिहरी, 02 सितंबर (हि.स.)। लगातार हाे रही बारिश के बाद जिला मुख्यालय के बौराड़ी सेक्टर 8-डी में आवासीय भवनों के बीच स्थित पुश्ता भरभरा कर टूट गया। जिससे वहां तीन मकानों को खतरा पैदा हो गया है। वहीं बांध विस्थापितों के दो प्लॉटों पर भी मलबा समा गया। गनीमत रही कि उस वक्त वहां पर कोई नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद बुधवार सुबह सवा 7 बजे अचानक सेक्टर 8-डी में आवासीय भवनों के बीच स्थित पुश्ता अचानक गिर गया। जिससे वहां तोताराम भट्ट, मोहन सिंह पंवार और दिनेश बहुगुणा के मकानों को खतरा पैदा हो गया। इस दौरान पुश्ते के पास खड़ी विकास पंवार की स्कूटी भी पुश्ते के मलबे की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। तोताराम भट्ट ने बताया कि पुश्ता गिरने से चार भवनों के अलावा दो आवासीय प्लॉट, रास्ते और कॉलोनी का बड़ा हिस्सा खतरे की जद में आ गया है।

उन्होंने पुश्ता निर्माण और सुरक्षात्मक कार्य करने की मांग की है। दायित्वधारी खेम सिंह चौहान ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने डीएम नितिका खंडेलवाल को फोन से घटना की जानकारी देते हुए तत्काल ट्रीटमेंट कार्य करने को कहा है। कहा कि दैवीय आपदा के तहत इस कार्य को जनहित में प्राथमिकता के साथ किया जाए। जिसके बाद तहसीलदार सदर धीरज राणा ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। कहा कि रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story