बाल मेले में नन्हे वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा, प्रस्तुत किए आकर्षक मॉडल

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। विकासखंड पाबौ के संकुल संसाधन केंद्र चोपड़ियूं में बुधवार को बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान से संबंधित मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का परिचय दिया।

विद्यार्थियों की प्रतिभा और नवाचार प्रतियोगिता के मुख्य आकर्षण रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संकुल समन्वयक (सीआरपी) प्रियंका आर्य और अनूप बर्थवाल ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता में संकुल के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से विषयों की व्यावहारिक समझ प्रदर्शित की। सामाजिक विज्ञान प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज चोपड़ियूं ने प्रथम और राजकीय इंटर कॉलेज बिशल्ड ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

गणित प्रतियोगिता में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज पाबो प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज चोपड़ियूं द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज बिशल्ड तृतीय स्थान पर रहा। वहीं विज्ञान प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज बिशल्ड ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए अनूप बर्थवाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बाल मेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता, रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास का विकास होता है। साथ ही बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलता है।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी राजपाल सिंह रावत, प्रियंका आर्य, दीपक कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760621 Articles

Share this story