बाल अधिकारों पर जागरूकता : छात्राें काे पॉक्सो और 1098 की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 04 सितंबर (हि.स.)। बच्चों को अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय इंटर कॉलेज केवर्स में बाल अधिकार, बाल सुरक्षा एवं पॉक्सो अधिनियम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में महिला कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, सम्मान, शिक्षा और संरक्षण के अधिकारों की जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों, अनुचित व्यवहार की पहचान और किसी भी तरह के शोषण या दुर्व्यवहार की स्थिति में उपलब्ध कानूनी संरक्षण के बारे में बताया। विद्यार्थियों से कहा गया कि परेशानी होने पर चुप न रहें और माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति से अपनी बात साझा करें।

कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की भूमिका और जरूरतमंद बच्चों तक सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। आसपास किसी बच्चे के संकट में होने पर संवेदनशीलता के साथ उसकी मदद करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से अरविंद रावत, बाल कल्याण समिति सदस्य सुनीता भट्ट, परामर्शदाता कविता, चाइल्ड हेल्पलाइन केस वर्कर धर्मेंद्र सिंह और राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण के समन्वयक अभिषेक नेगी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story