बरसात से पहले घटी केदारनाथ में यात्रियाें की संख्या

WhatsApp Channel Join Now

गुप्तकाशी, 02 जुलाई (हि.स.)। मानसून सीजन शुरू होने के साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। जहां यात्रा के शुरुआती चरण में प्रतिदिन करीब 25 हजार तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे थे, वहीं अब यह संख्या घटकर लगभग 2 से 3 हजार प्रतिदिन रह गई है।

हालांकि कम संख्या के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था बरकरार है। कई श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के साथ-साथ मानसून के दौरान हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता और बारिश के मनमोहक नजारों का आनंद लेने भी पहुंच रहे हैं। मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश का असर यात्रा पर साफ दिखाई दे रहा है। पैदल मार्गों के साथ केदारनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की चहलकदमी बेहद कम नजर आ रही है। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे मौसम में यात्रा चुनौतीपूर्ण होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा टाल रहे हैं।

केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि यात्रा के प्रथम चरण में प्रतिदिन लगभग 25 हजार श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे थे, लेकिन बरसात शुरू होने के बाद यह संख्या घटकर करीब 3 हजार रह गई है। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का बाबा केदार के प्रति अटूट विश्वास और आस्था ही उन्हें धाम तक खींच लाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन

Share this story