बनबसा मिलिट्री स्टेशन में 27 से अग्निवीर भर्ती परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
बनबसा मिलिट्री स्टेशन में 27 से अग्निवीर भर्ती परीक्षा


चंपावत, 25 फ़रवरी (हि.स.)। कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और चम्पावत जनपद के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती के तहत ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा 27 फरवरी से 5 मार्च 2026 तक बनबसा मिलिट्री स्टेशन में आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ के माध्यम से मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन कराई जा रही है।

इस भर्ती में सामान्य ड्यूटी, क्लर्क, स्टोर कीपर टेक्नीशियन, तकनीकी और ट्रेड्समैन श्रेणियों के लिए 4000 से अधिक शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें 27 और 28 फरवरी को पिथौरागढ़ के लगभग 2500 अभ्यर्थी, जबकि 1 से 3 मार्च के बीच करीब 1500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

अभ्यर्थियों को परीक्षा स्थल पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट अंकपत्र, मूल निवास, जाति, एनसीसी, खेल, अविवाहित और चरित्र प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। सेना की ओर से चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए युवाओं को किसी भी दलाल या एजेंट के झांसे में न आने की सलाह दी गई है।

भर्ती को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बैठक में व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी को नोडल अधिकारी नामित किया। भर्ती स्थल पर परिवहन, पेयजल, सफाई, एम्बुलेंस, बिजली और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी ने बनबसा मिलिट्री स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और कहा कि परीक्षा का आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से कराया जाएगा। इस दौरान सेना और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story