बंदरों की बढ़ती संख्या से लंबगांव के लोग परेशान

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 28 अगस्त (हि.स.)। नगर पंचायत लंबगांव क्षेत्र में लगातार बढ़ती बंदरों की संख्या से नगरवासी परेशान हैं। बंदरों के झुंड सुबह होते ही बाजार की गलियों और रास्तों में डेरा जमा लेते हैं, जिससे लाेगाें का घर से निकलना मुश्किल हाे जाता है। नगर पंचायत लंबगांव करीब पांच हजार की आबादी वाला है। बंदरों के उत्पात से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिन्तित रहते हैं।

रास्तों में बैठे बंदरों के झुंड बच्चों के बैगों पर झपटकर उनके टिफिन बॉक्स छीनने का प्रयास करते हैं। बंदरों के हमले से घबराकर बच्चे भागते समय गिरकर चोटिल हो जाते हैं। कई बच्चों काे बंदरों ने हमला कर घायल कर चुका है। व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार ,पूर्व अध्यक्ष युद्धवीर राणा, ममता पंवार, अमन राणा, आशीष रावत का कहना कि लंबगांव में दिनों दिन बंदरों की संख्या बढ़ती जा रही है। कहा कि बंदराें के उत्पात से लोगों का घर से निकलना, बाजार से सामान लेकर घर पहुंचना मुश्किल हो गया है।

बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने के लिए कई बार वन विभाग से गुहार लगा चुके हैं। लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने की मांग की है। इस बाबत वन क्षेत्राधिकारी पूजा चौहान ने कहा कि बंदरों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से बंदरों को खाद्य पदार्थ न देने और उन्हें छेड़ने से बचने की अपील की है। जल्द ही बंदरों को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story