प्राथमिक शिक्षा में एआई के प्रयोग को बढ़ावा देने पर डॉ. अतुल बमराडा सम्मानित
पौड़ी गढ़वाल, 11 सितंबर (हि.स.)।प्राथमिक शिक्षा में तकनीकी नवाचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के प्रभावी प्रयोग के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय चौंरखाल के शिक्षक डॉ. अतुल बमराडा को एक्सीलेंस इन एकेडेमिक लीडरशिप सम्मान से नवाजा गया। उन्हें यह सम्मान डॉल्फिन (पीजी) इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल एंड नेचुरल साइंसेज की ओर से आयोजित गुरु संवाद कॉन्क्लेव-2026 में प्रदान किया गया।
डॉ. बमराडा को यह सम्मान शिक्षण और शिक्षक प्रशिक्षण में एआई टूल्स के नवाचारी प्रयोग, बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान को मजबूत करने तथा छात्र-केंद्रित डिजिटल शिक्षण पद्धतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत आधुनिक शैक्षिक नीतियों और कक्षा शिक्षण के बीच व्यावहारिक सामंजस्य स्थापित करना था।
ग्रामीण परिवेश के प्राथमिक विद्यालय में डिजिटल तकनीक और एआई आधारित संसाधनों को शिक्षण प्रक्रिया से जोड़ने की डॉ. बमराडा की पहल को शिक्षाविदों ने सराहा। उनकी पहल से विद्यार्थियों के लिए सीखने की प्रक्रिया को अधिक सरल, रोचक और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सम्मान मिलने पर विद्यालय परिवार, स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्र के शिक्षकों ने खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव की उपलब्धि बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

