पौड़ी में नवजात शिशु सप्ताह के दौरान चलेगा जागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
पौड़ी में नवजात शिशु सप्ताह के दौरान चलेगा जागरूकता अभियान


पौड़ी में नवजात शिशु सप्ताह के दौरान चलेगा जागरूकता अभियान


पौड़ी गढ़वाल, 15 नवंबर (हि.स.)। जनपद में नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षा और समुचित देखभाल को लेकर स्वास्थ्य विभाग विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत 21 नवंबर तक नवजात शिशु सप्ताह-2026 मनाया जाएगा।

अभियान के दौरान नवजात बच्चों की गुणवत्तापूर्ण देखभाल, स्तनपान, टीकाकरण, संक्रमण से बचाव और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान को लेकर स्वास्थ्य संस्थानों से लेकर गांवों तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नवजात शिशु सप्ताह के आयोजन को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें जनपद के सभी चिकित्सा अधीक्षकों और चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों को अपने-अपने स्वास्थ्य संस्थानों में सप्ताह का प्रभावी ढंग से आयोजन करने के निर्देश दिए गए।

सीएमओ ने कहा कि नवजात शिशु के जीवन के शुरुआती दिन बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान उचित देखभाल और समय पर उपचार मिलने से शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के साथ ही बच्चों को भविष्य की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाया जा सकता है। अभियान के दौरान जन्म के तुरंत बाद नवजात की देखभाल, मां का पहला दूध और स्तनपान, कंगारू मदर केयर (केएमसी), नियमित टीकाकरण, संक्रमण से बचाव और खतरे के लक्षणों की पहचान के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाएगा।

साथ ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, नवजात शिशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच और उच्च जोखिम वाले बच्चों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।

बैठक में जिला चिकित्सालय पौड़ी के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हितेन जंगपांगी और उप जिला चिकित्सालय कोटद्वार के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हरेंद्र ने नवजात शिशुओं में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं, उनकी पहचान और उपचार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए जरूरी चिकित्सकीय सावधानियों पर भी प्रकाश डाला। वहीं, ईएनटी सर्जन डॉ. दिगपाल दत्त और श्रीनगर के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित ने नवजात बच्चों में जन्मजात बहरेपन की समय पर जांच और समय से पहले जन्मे बच्चों में रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमैच्योरिटी (आरओपी) की स्क्रीनिंग के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि समय रहते इन समस्याओं की पहचान और उपचार से बच्चों को भविष्य में होने वाली गंभीर जटिलताओं और स्थायी दिव्यांगता से बचाया जा सकता है।

सीएमओ ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के सहयोग से गांवों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कम वजन और समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों की लाइन लिस्टिंग तैयार कर उनकी नियमित निगरानी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। सीएमओ ने बताया कि नवजात शिशु सप्ताह के तहत 16 नवंबर को जिला चिकित्सालय पौड़ी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, पोषण और बेहतर देखभाल के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777441 Articles

Share this story