पौड़ी में कांग्रेस ने जिला कार्यकारिणी का किया विस्तार
पौड़ी गढ़वाल, 19 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में कांग्रेस जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पौड़ी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने के साथ ही आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को विभिन्न पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यकारिणी में नए पदाधिकारियों को शामिल कर संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि विधानसभा चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए संगठन का मजबूत होना बेहद जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। बैठक में कार्यकर्ताओं से गांव, न्याय पंचायत, ब्लॉक और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने का आह्वान किया गया। साथ ही आमजन के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि केवल चुनाव के समय सक्रिय होने के बजाय अभी से जनता के बीच जाकर संगठन की गतिविधियों को तेज करना होगा।
बैठक में आगामी दिनों में पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने के साथ ही युवाओं, महिलाओं और नए लोगों को संगठन से जोड़ने की जिम्मेदारी निभाने को कहा गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ काम करें। संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। जिला कार्यकारिणी के विस्तार से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, सुंदरलाल मुयाल, जगमोहन सिंह नेगी, कैलाश बिष्ट, वीर प्रताप आर्य, नंदकिशोर, अद्धैत बहुगुणा आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

