पौड़ी बस अड्डे पर शुरू हुआ अमृत कक्ष, डीएम ने अव्यवस्थाओं पर लगाई फटकार

WhatsApp Channel Join Now
पौड़ी बस अड्डे पर शुरू हुआ अमृत कक्ष, डीएम ने अव्यवस्थाओं पर लगाई फटकार


पौड़ी गढ़वाल, 03 अगस्त (हि.स.)।महिलाओं और किशोरियों की सुविधा के लिए पौड़ी बस अड्डे पर सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अमृत कक्ष (फीडिंग रूम) का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अब धात्री माताएं यात्रा के दौरान सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में अपने शिशुओं को स्तनपान करा सकेंगी। बस अड्डे पर पहले से संचालित सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन का भी निरीक्षण किया गया।

शुभारंभ के बाद डीएम ने बस अड्डे का निरीक्षण किया, जहां शौचालयों में गंदगी, पेयजल की कमी और टूटी कुर्सियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों और सुलभ इंटरनेशनल को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने, नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने, क्षतिग्रस्त कुर्सियां बदलने तथा परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही बस अड्डे के सौंदर्यीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।

डीएम ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर महिला-अनुकूल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story