पॉलीटेक्निक का भवन नहीं बनने पर ग्रामीण नाराज, जमीन वापस मांगी

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 06 मई (हि.स.)। नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति ने शहर में लंबे समय से निर्माणाधीन पॉलीटेक्निक भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर नाराजगी जताई है। समिति ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर भवन के लिए दी गई भूमि को ग्रामीणों को वापस लौटाने की मांग की है।

नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि 2014 में मंडल मुख्यालय पौड़ी में राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान केवल 1 संकाय के साथ संचालित हो रहा है। समिति के प्रयासों से संस्थान में संकाय बढ़ाने को लेकर शहर से सटे च्वींचा गांव के ग्रामीणों ने संस्थान निर्माण के लिए 50 नाली निशुल्क जमीन दी।

बताया कि संस्थान ने उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को निर्माणदायी संस्था बनाते हुए बिना कार्य पूरा किए पांच करोड़ 90 लाख का भुगतान कर दिया। कहा कि आज भी शहर का पॉलीटेक्निक शहर के कृषि भवनों में संचालित हो रहा है।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इसको लेकर प्रशासन के माध्यम से सीएम को कई बार ज्ञापन भेजकर अवगत करवाया गया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप लगाया कि सरकार, शासन व प्रशासन एक विवादित कार्यदायी संस्था को कार्य पूरा करवाने में अफसल रहे है। जिससे ग्रामीणों में रोष बना हुआ है और इसी के चलते प्रदेश में भूमियों के दुरूप्रयोग व बंदरबाट को लेकर पूरे प्रदेश में भूकानून को लेकर प्रदेशवासी आंदोलित है।

कहा कि 12 साल बीतने के बाद भी पॉलीटेक्निक भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर जनता में आक्रोश बना हुआ है। कहा कि निर्माणाधीन पॉलीटेक्निक भवन असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है। कहा कि शहर में इन दिनों उत्तरा केयर हॉस्पिटल द्वारा अस्पताल का संचालन किया जा रहा है लेकिन उनके पास जमीन की उपलब्ध्ता नहीं होने से शहरवासियों को पूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने सीएम से ग्रामीणों को उनकी भूमि का कब्जा वापस दिलावाने या सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए निर्माणाधीन पॉलीटेक्निक भवन की जमीन उत्तरा केयर हॉस्पिटल को देने की मांग की है। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, सचिव गबर सिंह नेगी, नरेश चंद्र नौड़ियाल, प्रशांत नेगी आदि शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story