पॉलिटेक्निक छात्रों को उद्यमिता का पाठ, स्वरोजगार से रोजगार सृजन तक की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
पॉलिटेक्निक छात्रों को उद्यमिता का पाठ, स्वरोजगार से रोजगार सृजन तक की दी जानकारी


हरिद्वार, 22 सितंबर (हि.स.)। तकनीकी शिक्षा हासिल कर रहे युवाओं को केवल नौकरी तक सीमित न रहकर स्वरोजगार और उद्यम स्थापना की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र, हरिद्वार के तत्वावधान में पॉलिटेक्निक कॉलेज, सिडकुल में उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फार्मेसी, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल ट्रेड के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के मैनेजर चंद्र मोहन, सहायक प्रबंधक दिनेश चंद्र आर्य, पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक रचित तथा मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के प्रतिनिधि योगेंद्र चौहान ने विद्यार्थियों को उद्यमिता और स्वरोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। अधिकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी दक्षता और रुचि के अनुरूप व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान व्यवसाय का चयन, परियोजना प्रस्ताव तैयार करने, बैंक ऋण प्राप्त करने, आवश्यक औपचारिकताओं तथा सरकारी योजनाओं के तहत उपलब्ध वित्तीय सहायता और सब्सिडी के बारे में विस्तार से बताया गया।

पंजाब नेशनल बैंक के प्रतिनिधि ने विद्यार्थियों को बैंकिंग व्यवस्था, ऋण प्रक्रिया, वित्तीय अनुशासन और ऋण प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी उद्यम को सफल बनाने के लिए व्यवसाय की व्यवहार्यता का आकलन, उचित वित्तीय नियोजन और बैंकिंग प्रक्रियाओं की समझ जरूरी है।

वहीं मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत विद्यार्थियों को उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग, प्रस्तुतीकरण और डिजिटल माध्यमों से मार्केटिंग के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण उत्पाद के साथ प्रभावी ब्रांडिंग और आकर्षक पैकेजिंग अपनाकर स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाया जा सकता है।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा और कौशल केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए युवा अपना उद्यम स्थापित कर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। विद्यार्थियों ने भी स्वरोजगार और उद्यम स्थापना से जुड़े विषयों पर उत्साहपूर्वक जानकारी प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story