पिथौरागढ़ से 40 श्रद्धालुओं का दल सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत गुजरात रवाना
पिथौरागढ़, 12 जुलाई (हि. स.)। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत 40 श्रद्धालुओं का दल रविवार को गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के दर्शन-पूजन के लिए रवाना हुआ। नगर निगम की मेयर कल्पना देवलाल और अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।
मेयर कल्पना देवलाल ने कहा कि यह यात्रा भगवान सोमनाथ के प्रति आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु अपने साथ रामेश्वरम से लाया गया पवित्र जल कलश में लेकर जा रहे हैं, जिसे सोमनाथ ज्योतिर्लिंग पर अर्पित किया जाएगा। उन्होंने उत्तराखंड सरकार और गुजरात पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों सरकारों के सहयोग से यह यात्रा पूरी तरह निशुल्क कराई जा रही है।
अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत यह यात्रा उत्तराखंड पर्यटन और गुजरात पर्यटन की संयुक्त पहल है। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के आधार पर श्रद्धालुओं का चयन किया गया है तथा आवागमन, आवास और भोजन सहित सभी व्यवस्थाएं निशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं।
उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी ने बताया कि पिथौरागढ़ से रवाना हुए दल में कुल 40 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें सात महिलाएं और 33 पुरुष हैं। उन्होंने कहा कि रामेश्वरम से लाया गया पवित्र जल भी सोमनाथ मंदिर में अर्पित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के श्रद्धालुओं के बीच भगवान सोमनाथ के प्रति आस्था तथा सांस्कृतिक विरासत को और सुदृढ़ करना है।
रवानगी के अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और शुभकामनाओं के साथ उन्हें विदाई दी।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

