पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया जारी, अब तक 30 विद्यार्थियों ने की रिपोर्टिंग

WhatsApp Channel Join Now
पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया जारी, अब तक 30 विद्यार्थियों ने की रिपोर्टिंग


पिथौरागढ़, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़ में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि प्रवेश के लिए विद्यार्थियों की रिपोर्टिंग का क्रम चल रहा है अब तक कुल 30 विद्यार्थी कॉलेज में रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। विद्यार्थियों की रिपोर्टिंग एवं प्रवेश से संबंधित कार्यवाही नियमानुसार संपन्न कराई जा रही है।

मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम का संचालन जनपद पिथौरागढ़ के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इससे स्थानीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा व भविष्य में कुशल चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में भी मदद मिलेगी।मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़ के प्राचार्य डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए तृतीय चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है।

इस चरण के अंतर्गत ऑल इंडिया कोटे की कुल सात सीटें आवंटित की गई थीं, जिनमें से तीन विद्यार्थियों ने कॉलेज में प्रवेश लेकर जॉइन कर लिया है।

उन्होंने बताया कि स्टेट कोटे के अंतर्गत भी प्रवेश प्रक्रिया गतिमान है। स्टेट कोटे की कुल 43 सीटों के सापेक्ष अब तक 30 विद्यार्थियों ने कॉलेज में रिपोर्टिंग कर दी है। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया 16 अक्टूबर तक जारी रहेगी व निर्धारित समयावधि में प्रवेश संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण किए जाने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story