पाबौ में पशु चिकित्सा शिविर, 40 पशुपालक लाभान्वित
पौड़ी गढ़वाल, 10 अक्टूबर (हि.स.)।पशुपालन विभाग की ओर से विकासखंड पाबौ में आयोजित पशु चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर में 40 पशुपालकों को लाभान्वित किया गया। शिविर में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया। साथ ही 25 पशुपालकों को दवाएं, 11 को बांझपन निवारण की दवाएं और 40 पशुपालकों को चारा बीज वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के निर्देशन में आयोजित शिविर में पशुपालकों को विभागीय योजनाओं, संतुलित पशु आहार, टीकाकरण, रोगों से बचाव और पशुधन बीमा की जानकारी दी गई।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने पशुपालकों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने और वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियां अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित देखभाल और बेहतर पोषण से पशुओं के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता में सुधार किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

