पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बाल युवा सम्मेलन में छात्रों की प्रतिभा को मिला मंच

WhatsApp Channel Join Now
पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बाल युवा सम्मेलन में छात्रों की प्रतिभा को मिला मंच


पौड़ी गढ़वाल, 24 जुलाई (हि.स.)।विकासखंड पौड़ी के सीआरसी कंडारा स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कंडारा में सामाजिक संस्था समळौण के तत्वावधान में शुक्रवार को शैक्षिक उत्थान एवं पर्यावरण विषय पर बाल युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ-साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से आयोजित इस तरह के कार्यक्रम समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही भविष्य के भारत के निर्माता हैं और प्रकृति संरक्षण की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है।

समळौण आंदोलन की राज्य संयोजिका सावित्री देवी ममगाई ने कहा कि संस्था वर्षों से विद्यार्थियों में पर्यावरण चेतना और शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। इससे बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होने के साथ उनकी प्रतिभा को भी उचित मंच मिलता है।

सम्मेलन के दौरान आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में दिव्यांशु ममगाई ने प्रथम, अन्नपूर्णा ने द्वितीय और स्वर्णिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में आंचल प्रथम, अनुष्का द्वितीय तथा स्वर्णिमा तृतीय रहीं। वहीं भाषण प्रतियोगिता में दिव्यांशी ने प्रथम, प्राची ने द्वितीय और लविका ने तृतीय स्थान हासिल किया।

सभी विजेताओं को संस्था की ओर से स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य चन्द्रशेखर नौटियाल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने समळौण संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम जारी रखने की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर शिक्षक सुरेश पंवार, सुनील बमराड़ा, विश्वपति डबराल, सुजाता मैठाणी, नरेश बडोनी, प्रदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रतियोगिताओं के निर्णायक विश्वपति डबराल एवं मलिक जी रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन दिनेश नौटियाल और समळौण आंदोलन के जिला संयोजक पवन पटवाल ने संयुक्त रूप से किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story