पत्नी ने पति पर लगाया दूसरी महिला को घर में रखने और धर्म परिवर्तन के प्रयास का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 15 सितंबर (हि.स.)। सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के निहेंदपुर सुठारी गांव में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्सर को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगाई है।

महिला का आरोप है कि उसका पति उसकी सहमति के बिना एक अन्य हिंदू महिला को अपने साथ घर में रख रहा है। शिकायत में दावा किया गया है कि उक्त महिला का नाम बदलकर शबनूर रखा गया है और उसका धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति के परिवार के कुछ लोग भी इस पूरे मामले में उसका साथ दे रहे हैं।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसने मामले की जानकारी पहले 10 सितंबर को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से सुल्तानपुर पुलिस चौकी को दी थी। महिला का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्सर को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले की जांच और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ के साथ मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि महिला की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story