नौ साल बाद सऊदी अरब से वतन लौटे इंद्रमणि नौटियाल

WhatsApp Channel Join Now

उत्तरकाशी, 27 नवंबर (हि.स.)। गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच गए। सऊदी अरब में लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया में फंसे रहने के बाद अब उनकी अपने परिवार के बीच लौटने की राह आसान हो गई है। उनकी वतन वापसी के लिए बेटी दीपिका नौटियाल ने लगातार संघर्ष किया।

दीपिका की अपील पर देश-विदेश के लोगों ने करीब 2.51 करोड़ रुपये की धनराशि जुटाई, जिससे सऊदी अरब की अदालत द्वारा निर्धारित मुआवजे की रकम जमा कराई जा सकी।

इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां वह रियाद की एक निजी कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। वर्ष 2019 में उनके ट्रक की एक कार से टक्कर हो गई थी। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार पांच सऊदी नागरिकों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था।

इस मामले में सऊदी अरब की अदालत ने इंद्रमणि को करीब एक साल की कैद की सजा सुनाई थी। उन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली थी, लेकिन अदालत द्वारा निर्धारित मुआवजे की राशि जमा नहीं होने के कारण उनकी रिहाई और स्वदेश वापसी की प्रक्रिया अटकी हुई थी।

पिता को वापस लाने के लिए बेटी दीपिका नौटियाल ने हार नहीं मानी। उन्होंने लगातार लोगों से मदद की अपील की। उनकी इस मुहिम में बड़ी संख्या में लोग आगे आए और करीब 2.51 करोड़ रुपये की धनराशि जुटाई गई।

इस रकम से अदालत द्वारा निर्धारित मुआवजे का भुगतान किया गया, जिसके बाद इंद्रमणि की स्वदेश वापसी का रास्ता साफ हुआ। शुक्रवार सुबह इंद्रमणि के दिल्ली पहुंचने के साथ ही परिवार की वर्षों की प्रतीक्षा खत्म होने की उम्मीद जगी है। एक बेटी के संघर्ष और लोगों के सामूहिक सहयोग ने इस मुश्किल घड़ी में परिवार को नई उम्मीद दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story