नैनीताल में ‘डिस्ट्रिक्ट प्लानिंग एंड बजट मैनेजमेंट पोर्टल’ की पहल

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल में ‘डिस्ट्रिक्ट प्लानिंग एंड बजट मैनेजमेंट पोर्टल’ की पहल


नैनीताल, 07 मई (हि.स.)। जनपद में विकास कार्यों की पारदर्शिता, दक्षता और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “नैनीताल डिस्ट्रिक्ट प्लानिंग एंड बजट मैनेजमेंट पोर्टल” विकसित किया गया है। बताया गया है कि यह पहल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की डिजिटल गवर्नेंस एवं पारदर्शी प्रशासन की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए की गयी है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में तैयार किए गए इस पोर्टल के माध्यम से जनपद स्तर पर संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की योजना निर्माण प्रक्रिया, बजट आवंटन, व्यय की स्थिति तथा कार्यों की प्रगति की रियल टाइम ट्रैकिंग एकीकृत मंच पर उपलब्ध होगी। इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ने के साथ योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन में भी मदद मिलेगी। पोर्टल के माध्यम से विभागवार योजनाओं का डिजिटल रिकॉर्ड, बजट उपलब्धता, व्यय विवरण एवं विकास कार्यों की प्रगति का विश्लेषण एक ही स्थान पर किया जा सकेगा। साथ ही अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से निर्णय प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग से योजनाओं की मॉनिटरिंग में तेजी आएगी तथा अनावश्यक विलंब पर नियंत्रण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल “पेपरलेस और स्मार्ट प्रशासन” की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल भविष्य में अन्य जनपदों के लिए भी मॉडल साबित हो सकती है और उत्तराखण्ड को डिजिटल प्रशासन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story