नैनीताल में 160 वाहनों की क्षमता वाली स्टैक पार्किंग योजना को शुरूआती मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल में 160 वाहनों की क्षमता वाली स्टैक पार्किंग योजना को शुरूआती मंजूरी


नैनीताल, 13 जुलाई (हि.स.)। नगर की वर्षों पुरानी पार्किंग समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लोक निर्माण विभाग ने विभिन्न स्थानों पर दो मंजिला स्टैक पार्किंग विकसित करने की योजना तैयार की है। इससे पहले डीएसए मैदान में मानसमाला परियोजना के तहत बहुमंजिला पार्किंग प्रस्तावित थी, लेकिन स्थानीय स्तर पर प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिलने के बाद अब उसी धनराशि से नगर के पांच स्थानों पर स्टैक पार्किंग बनाने की योजना को प्रारंभिक स्वीकृति मिल गई है। इन पार्किंग स्थलों पर वर्तमान में लगभग 80 वाहन सड़क किनारे खड़े किए जाते हैं।

लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता जीएस जनौटी ने बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत बारापत्थर व सुखाताल स्थित एचपी पेट्रोल पंप (एचपी बैंड) के निकट 14-14 वाहनों, केव गार्डन के सामने 12 वाहनों, बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के पास 15 वाहनों तथा सूखाताल पेट्रोल पंप के सामने 25 यानी कुल 80 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग हैं। अब इनके स्थान पर दो मंजिला स्टैक पार्किंग विकसित की जाएगी। जिससे इन स्थानों पर कुल 160 वाहनों की पार्किंग क्षमता सृजित हो जाएगी। श्री जनौटी नेे बताया कि परियोजना के क्रियान्वयन से सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग में कमी आएगी, यातायात सुगम होगा तथा पर्यटन सीजन के दौरान स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर पार्किंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। विभाग आगे की प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताएं पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में भी कार्य कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story