नैनीताल का युवक हल्द्वानी में स्मैक के साथ गिरफ्तार
नैनीताल, 21 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल का एक युवक हल्द्वानी में रामलीला ग्राउंड क्षेत्र से स्मैक के साथ पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत की गयी इस कार्रवाई में नैनीताल के माल रोड मल्लीताल निवासी 26 वर्षीय नमन साह पुत्र किशोरी लाल साह के पास से 12.51 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।
नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनीताल जनपद में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में हल्द्वानी पुलिस ने एक युवक को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में रामलीला मैदान क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर बरामद हुई।
पुलिस की जांच में आरोपित का पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित आपराधिक इतिहास होना सामने आया है। कार्रवाई में उप निरीक्षक मनोज कुमार, मुख्य आरक्षी इसरार नवी तथा आरक्षी दिनेश नगरकोटी और अनिल टम्टा शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

