नेहरू के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
नेहरू के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने का लिया संकल्प


हरिद्वार, 14 नवंबर (हि.स.)। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर ऋषिकुल स्थित कार्यालय में उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान उनके योगदान और विचारों को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रेस क्लब हरिद्वार के पूर्व अध्यक्ष मनोज सैनी और सोम त्यागी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल देश के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि आधुनिक, वैज्ञानिक और प्रगतिशील भारत की नींव रखने वाले दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजादी के बाद देश को लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष एवं मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि नेहरू के कार्यकाल में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग, चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना हुई। इन संस्थानों ने आधुनिक भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाई। बच्चों के प्रति विशेष स्नेह के कारण उन्हें चाचा नेहरू के नाम से भी जाना जाता है। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी बेहतर शिक्षा एवं संस्कार से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में नेहरू के लोकतांत्रिक मूल्यों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के विचारों को अपनाने की जरूरत है। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करने, सामाजिक एकता बनाए रखने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने तथा गरीब, मजदूर, किसान और वंचित वर्ग की आवाज उठाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि समाज में नफरत के बजाय मोहब्बत, एकता और भाईचारे का संदेश फैलाना ही नेहरू के विचारों का सम्मान है।

इस अवसर पर राजू चित्कारा, धर्मराज सैनी, जवाहर चावला, जावेद आलम, कमल सैनी, नेकीराम, शिवम वाल्मीकि, प्रेम सिंह, आनंद, अनूप, इशांत जांगीड़, सोम पाल, राजेश, अंशुल, सोनू सैनी, प्रिंस गैरोला, पप्पू और अनूप ठेकेदार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776829 Articles

Share this story