नीलकंठ कांवड़ यात्रा में उत्कृष्ट ड्यूटी निभाने वाले जवान सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
नीलकंठ कांवड़ यात्रा में उत्कृष्ट ड्यूटी निभाने वाले जवान सम्मानित


पौड़ी गढ़वाल, 12 अगस्त (हि.स.)। नीलकंठ कांवड़ यात्रा महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, होमगार्ड, पीआरडी, एसडीआरएफ और पैरामिलिट्री जवानों के सम्मान में समापन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने दिन-रात पूरी निष्ठा, अनुशासन, धैर्य और सेवाभाव से ड्यूटी निभाने वाले जवानों की पीठ थपथपाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

एसएसपी ने कहा कि नीलकंठ कांवड़ यात्रा के दौरान जवानों ने सिर्फ अपनी ड्यूटी नहीं निभाई, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उनके विश्वास की जिम्मेदारी भी अपने कंधों पर उठाई। भीड़ और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम भावना, धैर्य, अनुशासन और अथक मेहनत से जवानों ने हर चुनौती का सामना किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा का सफल संचालन पूरी टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।

समारोह में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 100 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही रिक्रूट कांस्टेबल, होमगार्ड, पीआरडी, एसडीआरएफ और पैरामिलिट्री जवानों के योगदान की भी सराहना की गई।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर, सीओ अनुज कुमार, सीओ तपेश कुमार, सीओ अस्मिता मंमगाई, सीएफओ राजेंद्र खाती सहित सभी जोनल एवं सेक्टर प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों और सेक्टर प्रभारियों ने कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान अपने अनुभव भी साझा किए।

एसएसपी ने सभी जवानों को भविष्य में भी इसी समर्पण, अनुशासन और सेवाभाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story