निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now


हरिद्वार, 01 दिसंबर (हि.स.)। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के नोडल अधिकारी अमन कुमार एवं ग्राम प्रधान मंजीत खरोला की ओर से संयुक्त रूप से आज आदर्श टिहरी नगर, पथरी में निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया।

यह प्रशिक्षण केंद्र आगामी चार माह तक संचालित होगा, जिसमें क्षेत्र की महिलाओं को सिलाई का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा,ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

कार्यक्रम में नोडल अधिकारी अमन कुमार ने कहा कि टीएचडीसी हमेशा से सामाजिक विकास एवं महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इस सिलाई केंद्र के माध्यम से महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बन पाएंगी।

इस अवसर पर आदर्श युवा समिति के अध्यक्ष लखबीर सिंह ने कहा कि हमारा प्रयास है कि इस तरह के प्रशिक्षण से महिलाएं घर पर ही स्वरोजगार शुरू कर सकें। टीएचडीसी का सहयोग इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ग्राम प्रधान मंजीत खरोला ने कहा ग्राम पंचायत की प्राथमिकता है कि गांव की महिलाएं आत्मनिर्भर बनें। इस प्रकार के प्रशिक्षण से महिलाएं न सिर्फ घर की आर्थिक मदद करेंगी,बल्कि समाज में एक नई पहचान भी बनाएंगी।

कार्यक्रम का संचालन नितिन बड़ोनी ने किया। कार्यक्रम में संचालक संस्था से पवन कुमार, रेखा रानी, ज्योति, रंजन कुमार और प्रशिक्षाणार्थी आशा देवी, संगीता, कंचन, प्रीति, पूजा, सुनीता, पिंकी, ममता, संजना, अंजली, अनीता, रीना, गीता, मंजू, उर्मिला, मनीषा, मीनाक्षी आदि ने प्रतिभाग किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story